NEWS SAGA DESK
रांची/खूंटी :- खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। खटखुरा पंचायत के बंगुरकेला गांव में दो पोतों ने कथित रूप से अपनी 68 वर्षीय दादी की हत्या कर शव को बोरे में बंद कर कोयल नदी किनारे फेंक दिया। घटना का खुलासा तीन दिन बाद तब हुआ, जब ग्रामीणों को दुर्गंध आने पर शव मिला।
मृतका की पहचान पुटकी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान वृद्ध महिला द्वारा ताना मारने और गाली-गलौज किए जाने पर दोनों पोते अपना आपा खो बैठे।
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों आरोपितों ने वृद्ध महिला का सिर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को बोरे में बंद कर कोयल नदी किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया।
रविवार सुबह नदी की ओर गए ग्रामीणों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। तलाश करने पर झाड़ियों में एक संदिग्ध बोरा पड़ा मिला। बोरा खोलने पर उसमें एक बुजुर्ग महिला का सड़ा-गला शव मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मृतका के दोनों पोते जतरु झोरा और सोनू झोरा को हिरासत में लिया।
डीएसपी विजय सिंह ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपितों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। उन्होंने बताया कि विवाद के दौरान वृद्ध महिला का सिर जमीन पर पटकने से उसकी मौत हो गई थी। बाद में शव को बोरे में बंद कर नदी किनारे फेंक दिया गया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और विस्तृत जांच जारी है।
No Comment! Be the first one.