आयुष्मान भारत योजना की पहली लाभार्थी मंजू देवी को केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने किया सम्मानित

NEWS SAGA DESK

रांची : – मोदी सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शुक्रवार को बिरसा चौक, हटिया निवासी मंजू देवी से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद ममता देवी और निवर्तमान पार्षद कृष्णा महतो भी मौजूद रहे।

मंजू देवी देश की पहली आयुष्मान भारत योजना लाभार्थी हैं। 23 सितंबर 2018 को रांची में इस महत्वाकांक्षी योजना के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं उन्हें आयुष्मान कार्ड प्रदान किया था।

जनसंपर्क अभियान के दौरान बताया गया कि आयुष्मान भारत योजना ने मंजू देवी और उनके परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ आर्थिक चिंताओं से भी बड़ी राहत दी है। इस दौरान मंजू देवी ने योजना के लाभों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुरक्षा पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्षों की उपलब्धियों का सबसे बड़ा प्रमाण ऐसे लाभार्थियों के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर जरूरतमंद तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना है, जिसके लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

Read More News

Read More