News Saga Desk
अमेरिका और इजराइल ने ईरान के ऐतिहासिक और रणनीतिक शहर इस्फहान पर सुबह-सुबह जबरदस्त हमला किया। इस्फहान की आबादी लगभग 23 लाख है और यहां बदर मिलिट्री एयरबेस स्थित है। जोरदार धमाकों और आग की लपटों ने पूरे इलाके का माहौल दहशत में डाल दिया।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने हमले के कई वीडियो साझा किए हैं। इस्फहान ईरान का तीसरा सबसे बड़ा और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर होने के साथ-साथ औद्योगिक केंद्र भी है। शहर में कपड़ा और इस्पात मिलें हैं, साथ ही नतंज में परमाणु केंद्र और मिसाइल उत्पादन कारखाने भी मौजूद हैं।
तेल टैंकर में आग और हिजबुल्लाह का जवाबी हमला
कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने बताया कि दुबई बंदरगाह पर विशाल तेल टैंकर ‘अल-सलमी’ में आग लगी है। कंपनी ने चेतावनी दी कि इस आग से तेल फैल सकता है।
उधर, हिजबुल्लाह ने इजराइल पर हमले का दावा किया। संगठन ने कहा कि उसके लड़ाकों ने उत्तरी इजराइल की मिसगाव अम बस्ती में ड्रोन से एक सैन्य चौकी पर हमला किया। दक्षिणी लेबनान में अल-क़ंतारा और तैबेह के बीच एक इजराइली मर्कवा टैंक को गाइडेड मिसाइल से निशाना बनाया गया, जिससे टैंक जल गया।
इराक में अमेरिकी-इजरायली हवाई हमले
इराक की पॉपुलर मोबिलाइज़ेशन फोर्सेज ने बताया कि अमेरिकी-इजराइली सेनाओं ने बाबुल और अनबार प्रांतों में उनके दो ठिकानों पर हवाई हमले किए। बाबुल के जुर्फ अल-नस्र सेक्टर में 45वीं ब्रिगेड पर तीन हवाई हमले किए गए। अनबार प्रांत के पूर्वी हिस्से में अल-कर्मा सेक्टर में 31वीं ब्रिगेड के ठिकाने को निशाना बनाया गया।
कुर्द अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र में स्थित सुलेमानिया शहर को निशाना बनाकर किए गए दो हमलों को विफल कर दिया गया।
बढ़ता तनाव
इन हमलों के बाद मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ गया है। अमेरिका और इजराइल की कार्रवाई ने ईरान, लेबनान और इराक में सुरक्षा परिस्थितियों को चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
No Comment! Be the first one.