NEWS SAGA DESK
सियोल (दक्षिण कोरिया)। अमेरिकी नौसेना संचालन प्रमुख एडमिरल डेरिल कॉडल ने कहा है कि दक्षिण कोरिया की भविष्य में तैनात होने वाली परमाणु ऊर्जा संचालित हमलावर पनडुब्बियां इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में चीन की बढ़ती आक्रामकता का मुकाबला करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका को उम्मीद है कि सियोल की यह क्षमता दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी।
कॉडल का यह बयान सियोल और वाशिंगटन द्वारा एक द्विपक्षीय तथ्य-पत्र जारी करने के बाद आया है। इसमें दक्षिण कोरिया की परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बी परियोजना के लिए अमेरिकी समर्थन की पुष्टि की गई है। सियोल में दक्षिण कोरियाई नौसेना प्रमुख एडमिरल कांग डोंग-गिल के साथ बैठक के बाद कॉडल पत्रकारों से बात कर रहे थे।
कॉडल ने साफ कहा कि जब दक्षिण कोरिया अपनी परमाणु पनडुब्बी तैनात करेगा, तो अमेरिका उम्मीद करेगा कि वह चीन के बढ़ते सैन्य प्रभाव का मुकाबला करने की व्यापक रणनीति में भूमिका निभाएगी। अमेरिका लंबे समय से चीन को अपनी प्रमुख सुरक्षा चुनौती मानता है। उन्होंने कहा—“चीन को रोकने के लिए दक्षिण कोरिया की परमाणु पनडुब्बी का उपयोग स्वाभाविक अपेक्षा है। कोरिया भी चीन को लेकर अपनी चिंताएं साझा करता है और यह साझेदारी हमारे साझा लक्ष्यों को मजबूत करेगी।”
कॉडल ने कहा कि परमाणु ऊर्जा संचालित पनडुब्बियां पारंपरिक पनडुब्बियों की तुलना में कहीं अधिक सक्षम होती हैं। ये लंबे समय तक पानी के भीतर गुप्त अभियानों को अंजाम दे सकती हैं, जिससे उनकी रणनीतिक अहमियत बढ़ती है।“अमेरिका दक्षिण कोरिया को यह क्षमता विकसित करने में सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। यह दोनों देशों के लिए ऐतिहासिक अवसर है।”कॉडल ने कहा कि भविष्य में अमेरिका, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया सहित समान विचारधारा वाले देशों की नौसेनाओं के बीच सहयोग और मजबूत होगा। उन्होंने यह भी माना कि अमेरिका जहाज निर्माण क्षमता की चुनौती से जूझ रहा है, जिसमें दक्षिण कोरिया का निवेश बेहद सहायक हो सकता है। उत्तर कोरिया की मिसाइल परीक्षण गतिविधियों पर कॉडल ने कहा कि प्योंगयांग अमेरिका के लिए बड़ा नौसैनिक खतरा नहीं है, लेकिन दक्षिण कोरिया के लिए उसकी क्षमता क्षेत्रीय चुनौती बनी हुई है। यह बयान संकेत देता है कि इंडो-पैसिफिक में शक्ति संतुलन को लेकर अमेरिका और दक्षिण कोरिया अपनी रणनीतिक साझेदारी को एक नए स्तर पर ले जाने की तैयारी में हैं।
No Comment! Be the first one.