बोकारो में हाथी के हमले से सब्जी विक्रेता की मौत

News Saga Desk

बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में बीती देर रात हाथी के हमले से एक सब्जी विक्रेता की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सिमराबेड़ा गांव निवासी चंद्र दांगी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्र दांगी रोज़ की तरह सब्जी बेचने के बाद देर रात अपनी कार से केंडर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद हाथियों के एक झुंड ने अचानक उनकी कार पर हमला कर दिया। पहले हाथियों ने वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया, फिर चंद्र दांगी को कार से बाहर खींचकर बेरहमी से कुचल दिया।

सड़क पर पहले से मौजूद थे हाथी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से पहले ही हाथी सड़क पर विचरण कर रहे थे। जैसे ही चंद्र दांगी की कार वहां पहुंची, हाथियों ने उसे घेर लिया। हाथियों ने सूंड से कार को पलटने की कोशिश की और शीशे तोड़ दिए। इसके बाद उन्होंने चंद्र दांगी को बाहर खींचकर मार डाला। हमले में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और किसी की भी पास जाने की हिम्मत नहीं हुई। हाथी काफी देर तक सड़क पर मंडराते रहे, जिससे यातायात भी बाधित रहा।

पुलिस और वन विभाग ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही गोमिया थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

गांव में मातम, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

चंद्र दांगी की मौत से सिमराबेड़ा गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में हाथियों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है और इस संबंध में कई बार वन विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथियों की नियमित निगरानी की जाए और रिहायशी इलाकों में उनकी आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Read More News

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More