News Saga Desk
झारखंड में मौसम लगातार करवट ले रहा है। शुक्रवार को दिनभर आंशिक बादल छाए रहे और शाम होते-होते रांची और कोडरमा में तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में मौसम और बदल सकता है।
इन जिलों में बारिश और तेज हवा की संभावना
मौसम विभाग ने शनिवार को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में गर्जन के साथ बारिश, तेज हवा (40-50 किमी/घंटा) और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
रविवार और सोमवार को और तेज होगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार और सोमवार को भी कई इलाकों में बारिश और गरज के साथ बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हवा की रफ्तार 50-60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
अप्रैल में टूट सकता है गर्मी का रिकॉर्ड
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का कहना है कि अप्रैल में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। पिछले 10 वर्षों में 2016 में अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया था, जो इस साल टूट सकता है। महीने के पहले सप्ताह में बारिश से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन दूसरे और तीसरे सप्ताह में तापमान तेजी से बढ़ेगा और महीने के अंत तक हीट वेव की स्थिति बन सकती है।
No Comment! Be the first one.