झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट

NEWS SAGA DESK
रांची :
झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। राजधानी रांची स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा। वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 2.4 मिलीमीटर बारिश हजारीबाग में दर्ज की गई।

4 और 5 जून को ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, 4 जून को झारखंड के पूर्वी और उससे सटे मध्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। वहीं, 5 जून को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इधर, राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 5 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 6 और 7 जून को भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। रांची में 4 जून को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।

तापमान में भी होगी बढ़ोतरी

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, बीच-बीच में होने वाली बारिश और तेज हवाएं लोगों को गर्मी से कुछ राहत दिला सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Read More News

Read More