रामगढ़ में जंगली हाथियों का कहर, चार लोगों की मौत के बाद सड़क जाम

NEWS SAGA DESK

रामगढ़। जिले के वेस्ट बोकारो थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों के आतंक से दहशत का माहौल है। मंगलवार देर रात हाथियों के झुंड ने अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं और दो पुरुषों को कुचलकर मार डाला। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरा काटा मुख्य चौक को जाम कर दिया और वन विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब चार बजे आरा काटा सारूबेड़ा फीडर के पास जंगली हाथियों का झुंड वन क्षेत्र की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान कुछ लोग हाथियों के पास सेल्फी और फोटो लेने पहुंच गए। इस दौरान एक हाथी ने अमित नामक युवक को पटक-पटककर मार डाला।

इसके बाद देर रात हाथियों का झुंड आरा काटा चार नंबर सड़क किनारे स्थित एक मोहल्ले में घुस गया। हाथियों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकलकर भागने लगे। इसी अफरातफरी में हाथियों ने बुजुर्ग महिला पार्वती देवी और सावित्री देवी को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हाथियों का तांडव यहीं नहीं रुका, बाइक से जा रहे एक युवक को भी हाथियों ने अपनी चपेट में ले लिया और उसे कुचलकर मार डाला।

घटना के दौरान जान बचाकर भागे लोगों ने भयावह मंजर को याद किया। एक महिला ने बताया कि वह घर के अंदर थी, तभी हाथियों ने दरवाजे पर जोरदार टक्कर मार दी। किसी तरह दरवाजा बंद कर वह घर के पीछे से भागकर अपनी जान बचा पाई। वहीं घायल माता-पिता की बेटी परी ने बताया कि हाथियों को घर में घुसने से रोकने के लिए उनके माता-पिता गेट पर खड़े हो गए थे, लेकिन हाथियों ने कच्चे मकान को गिरा दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की मौजूदगी से लोग रातभर जागने को मजबूर हैं, लेकिन वन विभाग हाथियों को सुरक्षित स्थान पर भेजने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रहा है। मृतक पार्वती देवी की बहू लक्ष्मी ने बताया कि सभी लोग जान बचाने के लिए सड़क की ओर भागे, लेकिन उनकी सास पीछे रह गईं और हाथियों ने उन्हें कुचल दिया।

Read More News

झारखंड में बदला मौसम का मिज़ाज: रांची-कोडरमा में तेज हवा और बारिश, 4-6 अप्रैल तक येलो अलर्ट जारी

झारखंड में मौसम लगातार करवट ले रहा है। शुक्रवार को दिनभर आंशिक बादल छाए रहे और शाम होते-होते रांची...

महाराष्ट्र के नासिक से दिल दहला देने वाली खबर: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौ’त

महाराष्ट्र के डिंडोरी कस्बे के शिवाजी नगर इलाके में शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक भयावह हादसा हुआ।...

Read More