NEWS SAGA DESK
झारखंड में बर्फीली हवाओं के असर से ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग ने 5 और 6 दिसंबर को राज्य के कई जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा और सिमडेगा में शीतलहर की स्थिति बन सकती है। पिछले 24 घंटों में कई जिलों का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी संभावित है। राज्य के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने का अनुमान है। गुमला में सबसे कम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, और 5 दिसंबर को यह तापमान घटकर 6 डिग्री तक जा सकता है। रांची में भी न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना जताई गई है। बढ़ती ठंड और संभावित शीतलहर को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को गर्म कपड़े पहनने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। देर रात और सुबह जल्दी अनावश्यक यात्रा से बचने की भी अपील की गई है।
No Comment! Be the first one.