बीसीसीआई ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को पहली बार टीम इंडिया में जगह मिली है। युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑरेंज कैप जीती थी।
News Saga Desk
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम की घोषणा कर दी है। लंबे समय से जिस नाम की चर्चा हो रही थी, उसे आखिरकार टीम इंडिया में जगह मिल गई। 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इसके साथ ही उन्हें एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय टीम में चुना गया है।
पिछले दो वर्षों में घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव पर चयनकर्ताओं की लगातार नजर थी। उनके दमदार खेल को देखते हुए टीम में चयन लगभग तय माना जा रहा था और अब उनका भारतीय टीम के लिए खेलने का सपना साकार होने के करीब पहुंच गया है।
वैभव ने पिछले साल आईपीएल में डेब्यू करते हुए सात मैचों में 252 रन बनाए थे। वहीं आईपीएल 2026 में उन्होंने धमाकेदार प्रदर्शन किया। 14 मैचों में 776 रन बनाकर वह टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए तथा 237.31 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।
सीजन के दौरान वैभव ने कई दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया।
वैभव को श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टी20 टीम में जगह मिली है। हालांकि प्लेइंग इलेवन में उन्हें मौका मिलेगा या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा, क्योंकि टीम में पहले से अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे ओपनिंग विकल्प मौजूद हैं।
अगर वैभव को अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका मिलता है, तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में पदार्पण करने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 16 साल 205 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था।
हालांकि टीम में चयन के साथ ही वैभव ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह भारतीय टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह युवा बल्लेबाज मैदान पर उतरकर इतिहास रच पाएगा।
No Comment! Be the first one.