News Saga Desk
पलामू। पलामू जिले में 3 पुलिस जवानों को ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। ये तीनों जवान मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के कैदी वार्ड की सुरक्षा में तैनात थे। अब उनकी जगह नए जवानों की तैनाती कर दी गई है।दरअसल, 7 फरवरी को हत्या का आरोपी ऋषिकेश दुबे कैदी वार्ड से फरार हो गया था। इस घटना की जांच के लिए सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। जांच में तीनों पुलिस जवानों की लापरवाही सामने आई, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया।
कैसे भागा आरोपी?
हत्या का आरोपी ऋषिकेश दुबे दिसंबर 2023 से पलामू सेंट्रल जेल में बंद था। 9 दिन पहले उसे बीमारी की शिकायत पर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती किया गया था। 7 फरवरी को वह हाथ-मुंह धोने के बहाने बाहर निकला और फरार हो गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है।
आरोपी के रिश्तेदारों पर भी शक
इस मामले में आरोपी के ससुर की भी भूमिका की जांच हो रही है, क्योंकि वे भी जेल की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हैं। पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने गुरुवार को कैदी वार्ड का निरीक्षण किया। जांच में आरोपी के कुछ करीबी रिश्तेदारों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
No Comment! Be the first one.