News Saga Desk
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को सिंध के गृह मंत्री जियाउल हसन लंजर का घर जला दिया। प्रदर्शनकारियों ने घर की सुरक्षा में तैनात गार्ड्स को भी पीटा। रिपोर्ट के मुताबिक सिंध के नौशेहरो फिरोज जिले में मंगलवार को पुलिस और एक राष्ट्रवादी संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई थी। इसमें कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा दोनों तरफ के कई लोग भी घायल हो गए।
पाकिस्तान सरकार की योजना सिंध नदी पर नहर बनाने की है। इससे स्थानीय लोग नाराज हैं। उनका कहना है कि सरकार उनकी जमीन और पानी छीन रही है। जब प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना देने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके तनाव बढ़ गया। नाराज होकर लोगों ने सिंध के गृह मंत्री के घर हमला कर दिया था। प्रदर्शनकारियों ने कुछ ट्रकों को लूट लिया और उनमें से कुछ को आग लगा दी।

चोलिस्तान में पानी ले जाना चाहती है सरकार
पाकिस्तानी वेबसाइट जियो टीवी के मुताबिक सरकार की योजना सिंध नदीं पर नहरें बनाकर चोलिस्तान में हजारों एकड़ बंजर जमीन पर खेती करने की है। इसकी लागत करीब 211 अरब रुपये (₹63 अरब) है। हालांकि बिलावल भुट्टो की पार्टी PPP इसके खिलाफ है।
उनका कहना है कि सिंध को इससे नुकसान होगा और उनका पानी छीन लिया जाएगा। कुछ हफ्ते पहले एक समिति (काउंसिल ऑफ कॉमन इंटरेस्ट – CCI) ने भी इस प्रोजेक्ट को खारिज कर दिया था। उनका कहना था कि जब तक सभी राज्यों (प्रांतों) की आपसी सहमति नहीं होगी, तब तक कोई नई नहर नहीं बनेगी।
इसके बावजूद, सिंध में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। मंगलवार को जब प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर धरना देने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया। जवाब में लोगों ने पत्थर फेंके। इस झड़प में एक पुलिस अधिकारी (एसएचओ) और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पांच प्रदर्शनकारियों को भी चोटें आईं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बिलावल बोले- यह आतंकी हमले जैसा
पुलिस ने बताया कि स्थिति अब काबू में है। वहीं गृह मंत्री लंजर ने घटना पर नाराजगी जताई है और सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के कानून को चुनौती देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
पीपीपी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने भी मंत्री के घर पर हमले की निंदा की है और इसे ‘आतंकी हमला’ बताया है। उन्होंने कहा कि विरोध के नाम पर हिंसा फैलाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
चीनी विदेश मंत्री से मिले पाकिस्तान के विदेश मंत्री

बीजिंग में चीनी विदेश मंत्री के साथ पाकिस्तानी के विदेश मंत्री इशाक डार।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने मंगलवार को बीजिंग में चीन ने विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की। डॉन न्यूज के मुताबिक चीन ने मंगलवार को चीन ने कहा कि वह पाकिस्तान का समर्थन करता है, ताकि वह अपनी संप्रभुता और अखंडता की रक्षा कर सके।
वांग यी ने कहा कि चीन भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की पहल का स्वागत करता है। वांग ने पाकिस्तान को अपना मजबूत दोस्त बताया। डार ने पाकिस्तान का समर्थन करने के लिए वांग का आभार जताया।
पाकिस्तान अपनी डेलिगेशन टीम को अमेरिका, ब्रिटेन के दौरे पर भेजेगी
भारत के दुनिया के बड़े देशों में अपने डेलिगेशन भेजने के फैसले के बाद, अब पाकिस्तान के PM शहबाज शरीफ ने भी दुनिया के बड़े देशों में अपनी डेलिगेशन टीम भेजने का फैसला किया है। रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक, बिलावल भुट्टो इस हाई-लेवल टीम का नेतृत्व करेंगे। यह फैसला भारत-पाक सीजफायर के बाद आया है।
इस टीम में 7 नेता हैं। जिनमें ऊर्जा मंत्री मुसादिक मलिक, पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के नेता खुर्रम दस्तगीर खान, सीनेटर शेरी रहमान, पूर्व विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार, मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट के सांसद फैसल सुब्जवारी, और पूर्व विदेश सचिव तहमिना जंजुआ और जलील अब्बास जिलानी शामिल है।
पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा कि यह टीम जल्द ही अमेरिका, ब्रिटेन, ब्रसेल्स, फ्रांस और रूस का दौरा करेगी।
शहबाज शरीफ ने कश्मीर मुद्दा उठाने पर ट्रम्प की तारीफ की
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कश्मीर का मुद्दा उठाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तारीफ की है। ट्रम्प ने 11 मई को कहा था, ‘मैं दोनों के साथ मिलकर यह देखने की कोशिश करूंगा कि क्या ‘हजार साल’ बाद कश्मीर मुद्दे का कोई हल निकाला जा सकता है। ‘शहबाज ने सोमवार को कराची में नौसेना के डॉकयार्ड का दौरा किया।
यहां उन्होंने सैनिकों को संबोधित भी किया। इस दौरान शहबाज ने नेवी की तारीफ में कहा, भारतीय नौसेना का एयरक्राफ्ट कैरियर विक्रांत पाकिस्तान के 400 समुद्री मील करीब पहुंच गया था। लेकिन पाकिस्तान की आर्मी और एयरफोर्स से भारी नुकसान झेलने के बाद, नौसेना की तैयारियों को भांपकर विक्रांत पीछे हट गया।
No Comment! Be the first one.