एनएचएआई की लापरवाही से डूबा टाटा-रांची हाईवे

पूर्वी सिंहभूम, भारी बारिश के बाद एनएचएआई की लापरवाही सामने आई है। गुरुवार को काली मंदिर के पास टाटा-रांची और टाटा-पूरुलिया हाईवे पूरी तरह जलमग्न हो गए, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। आशियाना वुडलैंड कॉलोनी में जलभराव ने स्थिति को और भी भयावह बना दिया है।

पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण टाटा-रांची नेशनल हाईवे और टाटा-पूरुलिया मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। काली मंदिर के पास जलजमाव की स्थिति ऐसी हो गई कि दोनों प्रमुख मार्गों पर यातायात ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग घंटों जाम में फंसे रहे। अनेकों वाहन पानी में डूब गए हैं।लोगों को बचाने के लिए टियूब के सहारे बचाव कार्य किया जा रहा है।

सबसे गंभीर स्थिति फदलोगोड़ा स्थित आशियाना वुडलैंड कॉलोनी की है, जहां 15 से 20 फीट तक पानी भर गया है। कॉलोनी के ग्राउंड फ्लोर के सभी मकान डूब चुके हैं और कई वाहन पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। सैकड़ों लोग घरों में फंसे हुए हैं और किसी भी राहत के लिए प्रशासन की ओर देख रहे हैं।

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने हालात का जायजा लिया और एनएचएआई पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हाईवे निर्माण के दौरान पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने स्वयं जेसीबी की मदद से जल निकासी कार्य में भाग लिया।

प्रशासन ने आपात राहत के तहत फोरलेन सड़क को काटकर पानी निकासी की कोशिश की, लेकिन भारी जलभराव ने राहत कार्यों में बाधा डाली है। स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर निर्माण के दौरान पुराने नाले को बंद करने को बड़ी चूक बताया है और एनएचएआई को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने फिलहाल वैकल्पिक मार्गों से यातायात बहाल करने के निर्देश दिए हैं।

Read More News

रांची GPO परिसर में दोपहर 3 बजे होगा प्रदर्शन, पेंशन और सेवा संबंधी मांगों को लेकर डाक विभाग को भेजा जाएगा ज्ञापन

झारखंड के डाक पेंशनर्स 11 सूत्री मांगों को लेकर 10 अगस्त को रांची GPO परिसर में धरना-प्रदर्शन...

Read More