बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर सीएम हेमन्त सोरेन ने कल्पना सोरेन के साथ दी श्रद्धांजलि

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने रांची के कोकर समाधि स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित किया। सीएम ने बिरसा चौक पर प्रतिमा का माल्यार्पण भी किया।

News Saga Desk

रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर महान स्वतंत्रता सेनानी और जनजातीय जननायक भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन भी उपस्थित रहीं।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची के कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित कर धरती आबा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वतंत्रता के लिए बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान को नमन किया।

बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रांची के बिरसा चौक भी पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस एक ही दिन मनाए जाने के कारण 15 नवंबर का राज्य के इतिहास में विशेष महत्व है। इसी दिन वर्ष 2000 में बिहार से अलग होकर झारखंड राज्य का गठन हुआ था।

बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी प्रेरणास्रोत

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित कर जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन चलाया था। उनके नेतृत्व में हुए ‘उलगुलान’ ने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी थी।

भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और बलिदान आज भी झारखंड सहित पूरे देश के लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी जयंती को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है।

Read More News

झारखंड स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, राष्ट्रपति मुर्मू ने भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन

झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं।...

Read More