भारी बारिश में जवाब दे गई डायवर्सन की कमजोर संरचना

खूंटी, बारिश ने एक ओर जहां आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। वहीं दूसरी ओर पुल और डायवर्सन के बह जाने से भी परेशानी बढ़ गई है। भारी बारिश के

कारण मुरहू थाना क्षेत्र के हेसेल और पेलौल गांवों के बीच नाले पर बना अस्थायी डाइवर्सन गुरुवार को तेज जल प्रवाह में बह गया।

खूंटी-सिमडेगा पथ पर पेलौल और बिचना के मध्य उच्च स्तरीय पुल के टूटने के बाद यह मार्ग छोटी गाड़ियों के लिए एक वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया जा रहा था।

लेकिन बारिश के चलते इसकी कमजोर संरचना जवाब दे गई। डाइवर्सन टूटने से हेसेल, माहिल, जोबे सहित आसपास के कई गांवों का पेलौल से सीधा संपर्क कट गया है। अब ग्रामीणों को पेलौल पहुंचने के लिए चार से पांच किलोमीटर लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जो दुलुवा होते हुए गुजरता है। इससे सबसे ज्यादा असर कैथरिन और बिचना के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों पर पड़ा है, जिन्हें रोजाना लंबा और जोखिमभरा रास्ता तय करना होगा।

वहीं, इस मार्ग का उपयोग कर अपने खेतों तक पहुंचने वाले किसानों को भी बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खेतों तक आवाजाही बाधित होने से खेती पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुल निर्माण की धीमी गति और डाइवर्सन की कमजोर गुणवत्ता ही इस परेशानी की मुख्य वजह है।

Read More News

Read More