News Saga Desk
रांची। रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। शुक्रवार को दो ट्रेनों पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव की घटनाएं सामने आईं, जिसमें वंदेभारत एक्सप्रेस और टाटा-कुर्ला एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया। पहली घटना टाटानगर-बरहमपुर वंदेभारत ट्रेन की है। यह ट्रेन जैसे ही चाईबासा स्टेशन के पास पहुंची, कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर पत्थर फेंके। इससे ई-1 बोगी की खिड़की का शीशा टूट गया। इस मामले की जांच चाईबासा आरपीएफ कर रही है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
दूसरी घटना गालूडीह और आसनबनी रेलखंड के बीच हुई, जो रेलवे के खड़गपुर डिवीजन के अंतर्गत आता है। यहां से गुजर रही टाटा-कुर्ला एक्सप्रेस पर भी अज्ञात लोगों ने पथराव किया, जिससे बी-4 कोच की खिड़की का शीशा टूट गया। हालांकि, किसी यात्री को चोट नहीं पहुंची है। इस घटना की सूचना घाटशिला आरपीएफ को दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन ने इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पथराव करने वालों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है।
No Comment! Be the first one.