हेमंत सोरेन वोटर अधिकार यात्रा में, देंगे विपक्षी एकता का संदेश

News Saga Desk

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ ‘वोट अधिकार यात्रा’ के समापन कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. द्वारा पटना में आयोजित किया जा रहा है, जिसे विपक्षी एकता का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता विनोद पांडेय ने बताया कि यह रैली ऐतिहासिक होगी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति विशेष महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि इस रैली के माध्यम से एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ जन जागरूकता और विरोध को और मजबूती मिलेगी। पांडेय ने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया भाजपा और चुनाव आयोग की “संयुक्त साजिश” है, जिसका उद्देश्य गरीब, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, मजदूर, किसान और आदिवासी वर्ग के मतदाताओं को वोट के अधिकार से वंचित करना है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला है, जिसे जनता अब समझने लगी है।

उन्होंने कहा, “जब संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आवाज दबाई गई, तब सड़क पर संघर्ष कर लोकतंत्र की रक्षा करना आवश्यक हो गया। झामुमो पूरी मजबूती से INDIA गठबंधन के साथ खड़ा है और रहेगा।” विनोद पांडेय ने आगे कहा कि झारखंड विधानसभा पहले ही एसआईआर के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर चुका है और मुख्यमंत्री सोरेन ने इसे लोकतंत्र पर सीधा प्रहार बताया था। बिहार में भी विपक्ष इसे गरीब वोटरों को हाशिए पर धकेलने की साजिश करार दे चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में जनता INDIA महागठबंधन के पक्ष में स्पष्ट जनादेश देगी, जैसे झारखंड में 2024 के चुनाव में दिया था।


Read More News

Read More