रेलवे ट्रैक पर प्रेमी युगल की लाश बरामद, शव के 6 टुकड़ों से ऑनर किलिंग की आशंका

News Saga Desk

पटना।  पटना में रेलवे ट्रैक पर प्रेमी-प्रेमिका की लाश मिली है। दोनों के सिर, गर्दन और पैर अलग-अलग पड़े थे। पुलिस इसे ऑनर किलिंग बता रही है। उनके मुताबिक रात में हत्या कर सुबह बॉडी ट्रैक पर फेंकी गई। मर्डर को सुसाइड बताने की कोशिश की गई। मसौढ़ी SDPO कन्हैया सिंह ने बताया कि लड़की और लड़के की मदद करने वाला एक दोस्त भी गायब है। परिवार हत्या की आशंका जता रहा है। हम उसकी भी तलाश कर रहे हैं। लड़के का नाम सुबोध कुमार (19) है। वो श्रीरामपुर गांव का रहने वाला था। लड़की का नाम लवली कुमारी (16) है। वो छातीपुर गांव की थी। दोनों का गांव धनरूआ थाना इलाके में आता है। दोनों के शव पटना-गया रेल खंड के पोठाही हॉल्ट के पास मिले हैं। 

पुलिस ने बताया कि दोनों 6 सितंबर को घर से भागे थे। लड़की के परिवार ने 7 सितंबर को उसके अपहरण की शिकायत थाने में की थी, जिसमें प्रेमी को भी आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने बताया कि 6 सितंबर को घर से भागने के बाद लड़का और लड़की पटना के रामकृष्ण नगर में किराए के घर में रह रहे थे। परिवार ने 7 सितंबर को केस दर्ज कराया था। इसके बाद से परिवार के लोग दोनों को ढूंढ रहे थे। जांच में पता चला है कि 11 सितंबर को परिवार को रामकृष्ण नगर में दोनों के किराए के घर के एड्रेस की जानकारी मिली। रात में ही दोनों की हत्या की गई। इसके बाद शवों को ट्रैक पर फेंका गया। मसौढ़ी SDPO कन्हैया सिंह ने बताया कि, ‘मामला अफेयर का है। शुक्रवार सुबह फोन कर ट्रैक पर शव पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचे तो ट्रैक के पास लड़के और लड़की के शव मिले। दोनों की बॉडी कई टुकड़ों में बंटी हुई थी। शरीर पर हमले के भी निशान हैं। हत्या के बाद दोनों के शवों को यहां ट्रैक पर लाकर रख दिया गया होगा। मामला ऑनर किलिंग का है। ट्रेन की चपेट में आने से बॉडी टुकड़ों में बंट गई। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। FSL टीम को भी बुलाया गया है।’

दादी लीला कुमारी ने 7 सिंतबर को पुलिस को दिए आवेदन में बताया, ‘6 सिंतबर की रात साढ़े 7 बजे मैं अपने घर से अपनी पोती लवली कुमारी को अपने साथ लेकर गांव से प्राथमिक स्कूल के पास शौच के लिए निकली थी। इसी दौरान स्कूल से 200 मीटर दूर 3 लोग बाइक से आए। वो हम दोनों के साथ गाली-गलौज करने लगे। मैंने मना किया तो हमारे साथ धक्का-मुक्की करने लगे। सुबोध कुमार ने मेरे सिर पर पिस्टल तान दी और पोती को अपने साथ बाइक पर ले जाने लगा। मैंने हल्ला किया तो सुबोध और सुधांशु ने कहा, चुप रहो वरना गोली मार देंगे। इसके बाद दोनों मेरी पोती को लेकर भाग गए।’


Read More News

Read More