साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सीसीएल में विविध कार्यक्रम आयोजित

NEWS SAGA DESK
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में अक्टूबर 2025 को राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह (NCSAM) के अवसर पर “साइबर जागृत भारत” अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कर्मचारियों में साइबर हाइजीन और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार को बढ़ावा देना था। पूरे अभियान का संचालन सीसीएल के सिस्टम्स विभाग द्वारा किया गया। अभियान के तहत 29 अक्टूबर को सीसीएल मुख्यालय सहित सभी कमांड क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़ी अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया। वहीं, 30 अक्टूबर को सीसीएल मुख्यालय में “साइबर सुरक्षा जागरूकता” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें पासवर्ड सुरक्षा, फिशिंग की पहचान, डेटा गोपनीयता और मोबाइल सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा, साइबर हाइजीन अभियान के दौरान डिजिटल पोस्टर, वेबसाइट सेक्शन और सूचना बैनर के माध्यम से “क्या करें और क्या न करें” जैसे दिशा-निर्देशों को साझा किया गया। साथ ही सीसीएल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स—फेसबुक, इंस्टाग्राम, थ्रेड्स, एक्स (X) और व्हाट्सएप समूहों—के माध्यम से भी साइबर सुरक्षा संदेशों का व्यापक प्रसार किया। साइबर सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में सीसीएल द्वारा आईटी परिसंपत्तियों की सूची का नियमित अद्यतन किया गया और Cert-IN अनुमोदित वेंडर के माध्यम से वेबसाइट का साइबर सुरक्षा ऑडिट भी सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इन सभी पहलों के माध्यम से सीसीएल ने एक बार फिर यह साबित किया है कि वह न केवल कोयला उत्पादन में अग्रणी है, बल्कि सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने में भी अग्रसर है।

Read More News

Read More