रांची के पास उभर रहे नए पिकनिक स्पॉट, जहां मिलेगा सुकून और सुरक्षा दोनों

News Saga Desk

नए साल के स्वागत की तैयारियों के साथ ही लोग पिकनिक और आउटिंग की प्लानिंग में जुट गए हैं। अगर आप हर साल उन्हीं पुराने झरनों और डैम को देखकर बोर हो चुके हैं और इस बार कुछ नया एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो रांची के आसपास मौजूद ये नए और सुरक्षित पिकनिक स्पॉट आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं। जंगल, नदी, झरने और पहाड़ों के बीच बसे ये स्थल न सिर्फ खूबसूरत हैं, बल्कि रांची से 15 से 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होने के कारण यहां पहुंचना भी आसान है।

मारा सिल्ली पर्वत (नामकुम):

नामकुम क्षेत्र में स्थित मारा सिल्ली पर्वत अपने शांत माहौल, मनोरम दृश्यों और धार्मिक मान्यताओं के लिए जाना जाता है। महर्षि वाल्मीकि की तपस्या और प्रकट शिवलिंग से जुड़ी आस्था के कारण यह स्थल प्रसिद्ध है। अब यह नया पिकनिक स्पॉट बनकर सैलानियों को आकर्षित कर रहा है। रांची से दूरी करीब 20 किमी है।

ब्लू पॉन्ड:

रिंग रोड से झिरी जाने वाले रास्ते में स्थित यह छोटा तालाब सूर्य की रोशनी में नीला नजर आता है। पठारों से घिरा यह स्थान प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है। यहां वाहन बाहर खड़ा कर पैदल जाना पड़ता है। रांची से दूरी लगभग 20–25 किमी है।

होरहाप:

होरहाप अब एक लोकप्रिय जंगल व्यू प्वाइंट और पिकनिक स्थल के रूप में उभर रहा है। यहां ट्रेकिंग के लिए पहाड़ और ऊपर से दिखने वाला प्राकृतिक नजारा लोगों को खूब पसंद आ रहा है। यह रिंग रोड से करीब 25 किमी अंदर स्थित है।

छोटा सदमा, तेतरी रामपुर:

पतरातू घाटी की ओर जाते समय मंदिर के पास जोड़ा पुल से अंदर जाने पर यह शांत जगह मिलती है। पर्वत और जंगलों के बीच बहती छोटी नदी इसे खास बनाती है। रांची से इसकी दूरी करीब 30 किमी है।

रेमटा लेक, चुकरू:

भुसुर रोड से चुकरू मोड़ के अंदर जंगलों के बीच स्थित यह खूबसूरत झील प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। यह पूरी तरह सुरक्षित पिकनिक स्पॉट है और रांची से लगभग 30 किमी दूर स्थित है।

रंगरोडी धाम:

कांची नदी के किनारे स्थित यह स्थल झारखंड के इतिहास और आदिवासी आस्था से जुड़ा हुआ है। नैचुरल शिवलिंग के कारण धार्मिक महत्व रखने वाला यह स्थान अब पिकनिक स्पॉट के रूप में भी लोकप्रिय हो रहा है। रांची से दूरी करीब 30 किमी है।

गेतलसूद का रोज आइलैंड:

अनगड़ा के पास गेतलसूद डैम के भीतर स्थित रोज आइलैंड शाम के समय बेहद आकर्षक नजर आता है। रांची से महज 15 किमी दूर यह जगह पिकनिक मनाने वालों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

सुरसू वैली:

जोन्हा जाने के रास्ते में स्थित सुरसू वैली अपनी घुमावदार सड़कों और घाटी के नजारों के लिए जानी जाती है। भीड़ से दूर शांति से पिकनिक मनाने के लिए यह शानदार विकल्प है। रांची से दूरी लगभग 46 किमी है।

लतरातू डैम:

लतरातू डैम हाल के दिनों में पिकनिक के लिए सबसे पसंदीदा स्थलों में शामिल हो गया है। खूबसूरत नजारों और गांवों से गुजरते रास्तों के कारण यहां का सफर भी खास अनुभव देता है। बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए यहां रिजॉर्ट भी खुलने लगे हैं।

अगर आप नए साल पर प्रकृति के करीब सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो रांची के ये नए पिकनिक स्पॉट आपकी प्लानिंग को यादगार बना सकते हैं।

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More