News Saga Desk
झारखंड के धनबाद जिले के जगजीवन नगर इलाके में बीती रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने इलाके को दहला दिया। रात करीब एक बजे हुए इस दर्दनाक हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला और 22 वर्षीय युवक की झुलसकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे में मृत महिला के बेटे और बहू भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों को इलाज के लिए धनबाद के असरफी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक युवक की पहचान प्रशांत कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पटना का रहने वाला था। वह करीब 15 दिन पहले ही अपनी नानी चिंता देवी के घर जगजीवन नगर आया था। हादसे की रात प्रशांत अपनी नानी के साथ घर के प्रथम तल पर सो रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई, जिसने दो जिंदगियां छीन लीं।
फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
No Comment! Be the first one.