NEWS SAGA DESK
झारखंड के चतरा जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चर्चित समाजसेवी एवं लोजपा (रा) से जुड़े कद्दावर नेता प्रेमचंद उर्फ प्रेम सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया। आरोप है कि गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर उनसे फोन कॉल के जरिए दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है।
पीड़ित प्रेम सिंह के अनुसार, फोन पर बेहद आपत्तिजनक और डराने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया। कॉल करने वाले ने कहा कि यदि मांगी गई रकम नहीं दी गई, तो उनकी हत्या कर दी जाएगी। इतना ही नहीं, धमकी देने वाले ने यह तक कहा कि “एसपी, डीआईजी, आईजी और डीजी भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे।”
धमकी की खबर फैलते ही हंटरगंज सहित पूरे चतरा जिले में दहशत का माहौल बन गया है। क्षेत्र में सामाजिक और राजनीतिक रूप से सक्रिय प्रेम सिंह को इस तरह की धमकी मिलने से आम लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनज़र पीड़ित को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह भी दी गई है।
घटना के बाद प्रशासन पर त्वरित और सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। अब आमजन और राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस इस कथित रंगदारी और धमकी के मामले में कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से कार्रवाई करती है।
No Comment! Be the first one.