News Saga Desk
रांची: मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा रांची रेलवे स्टेशन पर लगातार सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में 29 जनवरी को आरपीएफ ने स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान शाम के समय प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित फूड प्लाजा के सामने दो युवक संदिग्ध और घबराई हुई अवस्था में पिठ्ठू बैग के साथ बैठे पाए गए।
पूछताछ में गांजा ले जाने की पुष्टि
संदेह होने पर आरपीएफ जवानों ने दोनों से पूछताछ की। उन्होंने अपना नाम मोनू कुमार (24 वर्ष), निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश और राजकुमार (24 वर्ष), निवासी रोहतास, बिहार बताया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने-अपने बैग में गांजा होने की बात स्वीकार कर ली।
बैग की तलाशी में 8 पैकेट गांजा बरामद
मामले की सूचना सहायक सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ, रांची) अशोक कुमार सिंह को दी गई, जो मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए दोनों आरोपियों की तलाशी ली गई। जांच के दौरान मोनू कुमार के नीले रंग के पिठ्ठू बैग से चार पैकेट और राजकुमार के काले-नीले रंग के बैग से भी चार पैकेट गांजा बरामद किया गया। डीडी किट से जांच में सभी पैकेट गांजा पाए गए। वजन करने पर कुल 8 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से लाकर सासाराम ले जाने की थी योजना
आरपीएफ द्वारा बरामद 8 किलो गांजा, एक मोबाइल फोन और एक सामान्य रेलवे टिकट को मौके पर ही जब्त कर सील किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के फूलमणि क्षेत्र से एक अज्ञात व्यक्ति से प्राप्त कर संबलपुर होते हुए ट्रेन से रांची पहुंचे थे। इस खेप को सासाराम ले जाकर कृष्णा कुमार नामक व्यक्ति को सौंपना था।
आगे की कार्रवाई जीआरपीएस को सौंपी गई
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों और जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपीएस रांची को सुपुर्द कर दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल, उपनिरीक्षक सूरज पांडेय, उपनिरीक्षक कमल दास, सहायक उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार, फ्लाइंग टीम के राजकुमार सिंह, एम. अंसारी, एस.पी. रॉय और मो. ए. आलम की अहम भूमिका रही।
No Comment! Be the first one.