News Saga desk
झारखंड के चतरा जिले में सोमवार रात हुए एयर एंबुलेंस हादसे में सात लोगों की मौत के बाद मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम की तैयारियों का जायजा लिया। मंत्री ने इसे राज्य का अब तक का सबसे बड़ा एयर एंबुलेंस हादसा बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने मौके पर उपायुक्त कीर्तिश्री जी और पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि खराब मौसम की स्थिति में भी विमान के उड़ान भरने के पहलू की जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे के सभी पहलुओं की गहन जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मृतकों के परिजनों को मुआवजे का भरोसा
डॉ. अंसारी ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि आश्रितों के हितों का ध्यान रखते हुए सभी प्रक्रियाएं कानूनी और संवेदनशील तरीके से पूरी की जाएंगी।
स्वास्थ्य व्यवस्था सुधार की बात
स्वास्थ्य मंत्री ने स्वीकार किया कि राज्य की चिकित्सा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि झारखंड में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास की योजना पर काम चल रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विकास से जुड़े प्रयासों में बाधा डालता रहा है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी रहे मौजूद
हादसे के बाद स्थानीय सांसद कालीचरण सिंह, विधायक जनार्दन पासवान, अपार समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप सुमन, सिविल सर्जन सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
सुरक्षा मानकों की होगी समीक्षा
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों और उड़ान प्रक्रियाओं की समीक्षा की जाएगी।
No Comment! Be the first one.