जमशेदपुर के गोलमुरी केनरा बैंक डकैती मामले में पुलिस ने तीन फरार आरोपितों की तस्वीरें जारी की हैं। गिरफ्तारी में मदद पर छह लाख रुपये का इनाम घोषित है।
News Saga Desk
जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में 24 सितंबर को हुई बड़ी डकैती के मामले में पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश तेज कर दी है। जांच के दौरान बिहार के पटना और समस्तीपुर तथा पश्चिम बंगाल के रानीगंज से जुड़े अपराधियों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने तीन फरार आरोपितों की नई और स्पष्ट तस्वीरें जारी की हैं। केनरा बैंक डकैती मामले में पुलिस ने तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को प्रत्येक आरोपित पर दो लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
इस तरह तीनों फरार आरोपितों पर कुल छह लाख रुपये का इनाम रखा गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि तस्वीरों में दिख रहे लोगों के बारे में किसी भी तरह की विश्वसनीय जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन भी पुलिस की ओर से दिया गया है।
बैंक में हथियार के बल पर हुई थी डकैती
24 सितंबर को हथियारबंद अपराधियों ने गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में धावा बोला था। अपराधियों ने बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बनाया और कुछ ही मिनटों में बड़ी मात्रा में सोना और नकदी लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, अपराधी करीब 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लूटकर भागे थे। पुलिस ने लूटे गए सोने की अनुमानित कीमत करीब 33 करोड़ रुपये बताई है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए घटना के बाद से ही जमशेदपुर पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
तीन फरार आरोपितों की हुई पहचान
पुलिस जांच में जिन तीन आरोपितों की पहचान हुई है, उनमें समस्तीपुर के चैता निवासी प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार, पटना के गोसाईं गांव निवासी अक्षय कुमार उर्फ साका और पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी अमन सिंह शामिल हैं।

पुलिस ने तीनों की नई और स्पष्ट तस्वीरें जारी करते हुए लोगों से उनकी पहचान में सहयोग मांगा है। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपित लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं। ऐसे में तस्वीरें सार्वजनिक करने का उद्देश्य उनके संभावित ठिकानों और आवाजाही से जुड़ी जानकारी जुटाना है।
इसे भी देखे- Hemant Soren पर High Court ने लगाया ₹10 हजार जुर्माना, ED अधिकारियों से जुड़ा है मामला
तीन राज्यों में पुलिस की छापेमारी
केनरा बैंक डकैती की जांच अब कई राज्यों तक पहुंच चुकी है। जमशेदपुर पुलिस की टीमें बिहार और पश्चिम बंगाल के अलावा अन्य संभावित स्थानों पर भी छापेमारी कर रही हैं। पुलिस आरोपितों के संपर्कों, आवाजाही और संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि वारदात की योजना कैसे तैयार की गई और इसमें कितने लोग सीधे तौर पर शामिल थे। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी जांच जारी है।
No Comment! Be the first one.