News Saga Desk
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सालडीह बस्ती में सोमवार देर रात दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट के बाद हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के समीप अचानक चली गोलियों की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गोली लगने से युवक गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक युवक ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। गोली लगने से 22 वर्षीय राजवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुरानी रंजिश की आशंका
घटना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं हैं। अपराधकर्मी संजय सरकार के पुत्र शुभम सरकार पर फायरिंग का आरोप लगाया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हमलावर ने आशीष नामक युवक को निशाना बनाकर गोली चलाई थी, लेकिन गोली राजवीर सिंह को जा लगी। पुलिस को आशंका है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश कारण हो सकती है।
जांच में जुटी पुलिस, छापेमारी तेज
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
No Comment! Be the first one.