घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, 25 दिन पहले बुक करें सिलेंडर

News Saga Desk

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत की अध्यक्षता में एक ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल के दिनों में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति में आई समस्याओं पर चर्चा की गई।

कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व के दौरान सप्लाई चेन में अस्थायी व्यवधान के कारण कुछ समय के लिए वितरण प्रभावित हुआ था। हालांकि अब स्थिति सामान्य है और गैस की उपलब्धता बनी हुई है।

प्रशासन ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की बुकिंग कम से कम 25 दिन पहले कर लें, ताकि समय पर डिलीवरी मिल सके। अधिकारियों के अनुसार बुकिंग के बाद सामान्य स्थिति में 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी दी जा रही है।

यदि किसी उपभोक्ता का सिलेंडर 25 दिन से पहले खत्म हो जाता है, तो उसे 5 किलोग्राम और 2 किलोग्राम के छोटे एलपीजी सिलेंडर बिना बुकिंग के उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर डोरस्टेप डिलीवरी की सुविधा ले सकते हैं।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय ने कहा कि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो, इसके लिए गैस कंपनियों और एजेंसियों के साथ नियमित समन्वय किया जा रहा है। बैठक में छोटे सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। बैठक के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अनियमित वितरण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार गैस वितरण प्रणाली की निगरानी कर रहा है। यदि कोई गैस एजेंसी या वितरक कालाबाजारी या नियमों के उल्लंघन में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Read More News

Read More