News Saga Desk
रांची: एक समय था जब संदेशों के आदान-प्रदान का मुख्य माध्यम चिट्ठियां हुआ करती थीं, लेकिन डिजिटल युग में पारंपरिक डाक सेवाओं का उपयोग धीरे-धीरे कम हो गया। अब इसी व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए इंडिया पोस्ट ने डाक सेवाओं को हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
इंडिया पोस्ट ने अपनी सेवाओं को अधिक तेज, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से रांची जीपीओ में आयोजित एक वेबिनार के जरिए नई प्रीमियम स्पीड पोस्ट सेवाओं की शुरुआत की।
नई सेवाओं में 24 स्पीड पोस्ट, 24 स्पीड पोस्ट पार्सल और 48 स्पीड पोस्ट शामिल हैं। इनका उद्देश्य ग्राहकों को समयबद्ध और भरोसेमंद डिलीवरी सुविधा उपलब्ध कराना है।
जानकारी के मुताबिक, 24 स्पीड पोस्ट सेवा के तहत चयनित शहरों में अगले दिन डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, 24 स्पीड पोस्ट पार्सल सेवा को खासतौर पर तेज और सुरक्षित पार्सल भेजने के लिए तैयार किया गया है। इसके अलावा, 48 स्पीड पोस्ट सेवा के माध्यम से 48 घंटे के भीतर डिलीवरी की सुविधा मिलेगी।
इन सेवाओं में ग्राहकों को कई आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी, जिनमें OTP आधारित सुरक्षित डिलीवरी, रियल-टाइम ट्रैकिंग, SMS अलर्ट और देरी होने की स्थिति में मनी बैक गारंटी शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह पहल व्यक्तिगत और व्यावसायिक—दोनों प्रकार के ग्राहकों के लिए लाभकारी साबित होगी।
इस अवसर पर सीनियर पोस्टमास्टर दिवाकर प्रसाद ने कहा कि नई सेवाएं ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद डिलीवरी प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम हैं। इससे बदलती जरूरतों के अनुरूप डाक सेवाएं और सशक्त होंगी।
गौरतलब है कि 17 मार्च 2026 को केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इन प्रीमियम सेवाओं—24 स्पीड पोस्ट, 24 स्पीड पोस्ट पार्सल और 48 स्पीड पोस्ट-का औपचारिक उद्घाटन किया। फिलहाल ये सेवाएं रांची के साथ-साथ दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों में शुरू की गई हैं।
सरकार का लक्ष्य है कि मार्च 2027 तक इन सेवाओं का विस्तार देशभर में किया जाए। साथ ही पार्सल डिलीवरी को और तेज बनाने के लिए डाक विभाग हवाई सेवाओं का भी उपयोग करेगा।
No Comment! Be the first one.