News Saga Desk
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में अब धुर्वा डैम के पास एक भव्य ‘स्टेट ऑफ आर्ट पार्क’ बनाया जाएगा।
यह पार्क आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और इसे पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। खास बात यह है कि गुजरात के Statue of Unity की तर्ज पर यहां गुरुजी की एक विशाल आदमकद प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
इस स्मृति पार्क में शिबू सोरेन के जीवन, उनके संघर्ष और झारखंड आंदोलन की पूरी झलक देखने को मिलेगी। महाजनी प्रथा के खिलाफ उनके आंदोलन से जुड़े दस्तावेज, तस्वीरें और उपलब्धियों को एक बड़े स्मृति हॉल में प्रदर्शित किया जाएगा।
सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पर्यटन विभाग को सौंप दिया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार इस स्थल का निरीक्षण भी कर चुके हैं।
धुर्वा डैम के पास करीब 4 एकड़ जमीन को इस प्रोजेक्ट के लिए चुना गया है। रिंग रोड से बेहतर कनेक्टिविटी और आसान पहुंच के कारण यह जगह पर्यटकों की पहली पसंद बन सकती है।
इसके साथ ही, मोरहाबादी स्थित गुरुजी के सरकारी आवास को ‘गुरुजी स्मृति संग्रहालय’ के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को करीब से समझ सकें।
No Comment! Be the first one.