News Saga Desk
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच स्टेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में फंसे जहाज “अवाना” के कैप्टन और रांची निवासी राकेश रंजन सिंह का हार्ट अटैक से निधन हो गया। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ आज रांची के अरगोड़ा चौक स्थित कैप्टन राकेश के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार हर स्तर पर परिवार के साथ खड़ी है।
विदेश मंत्रालय और दुबई दूतावास से लगातार संपर्क
संजय सेठ ने बताया कि कैप्टन राकेश के निधन की सूचना मिलते ही वे लगातार विदेश मंत्रालय और दुबई स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पार्थिव शरीर को पहले पटना लाने की प्रक्रिया पर काम चल रहा है और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
दुबई में चल रही हैं औपचारिक प्रक्रियाएं
रक्षा राज्य मंत्री ने जानकारी दी कि दुबई के अस्पताल में फिलहाल पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कागजी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। इन औपचारिकताओं के पूरा होते ही पार्थिव शरीर को भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री से भी लगातार संपर्क
संजय सेठ ने बताया कि इस मामले को लेकर उनकी लगातार केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा से बातचीत हो रही है, ताकि प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और किसी प्रकार की देरी न हो।
परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। परिवार को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
क्षेत्र में शोक, लोगों ने जताई संवेदना
कैप्टन राकेश रंजन सिंह के आकस्मिक निधन से रांची सहित पूरे झारखंड में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिचितों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
No Comment! Be the first one.