News Saga Desk
रांची रेल मंडल के रांची–लोहरदगा–टोरी रेलखंड पर नगजुआ और लोहरदगा स्टेशन के बीच कोयल नदी पर बने पुल संख्या 115 में चल रहे मरम्मत कार्य के कारण ट्रेनों के संचालन पर व्यापक असर पड़ा है। रेलवे प्रशासन ने 24 मार्च से 31 मार्च तक कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया है, जबकि कुछ होली स्पेशल ट्रेनों को रद्द भी कर दिया गया है।
राजधानी एक्सप्रेस के रूट में बदलाव
मरम्मत कार्य का प्रभाव राजधानी ट्रेनों पर भी पड़ा है। 20408 नई दिल्ली–रांची राजधानी एक्सप्रेस 25 मार्च को अपने निर्धारित टोरी–लोहरदगा–रांची मार्ग के बजाय टोरी–बरकाकाना–मेसरा–टाटीसिलवे होकर संचालित होगी। वहीं, 20407 रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 26 मार्च को रांची–लोहरदगा–टोरी मार्ग के स्थान पर टाटीसिलवे–मेसरा–बरकाकाना मार्ग से चलेगी। इसके अतिरिक्त, 12454 नई दिल्ली–रांची राजधानी एक्सप्रेस 28 मार्च को तथा 12453 रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 29 मार्च को भी परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएंगी।
अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव
इस दौरान अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट में भी परिवर्तन किया गया है। 18632 चोपन–रांची एक्सप्रेस 26, 28 और 30 मार्च को परिवर्तित मार्ग से चलेगी, जबकि 18631 रांची–चोपन एक्सप्रेस 25, 27 और 29 मार्च को बदले रूट से संचालित होगी। वहीं, 18636 सासाराम–रांची एक्सप्रेस 24 से 31 मार्च तक लगातार डायवर्ट रूट पर चलेगी और 18635 रांची–सासाराम एक्सप्रेस भी इसी अवधि में परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी।
अजमेर–सांतरागाछी रूट की ट्रेनें भी प्रभावित
अजमेर–सांतरागाछी रूट की ट्रेनों पर भी इस बदलाव का असर पड़ा है। 08612 अजमेर–सांतरागाछी एक्सप्रेस 26 मार्च को टोरी–लोहरदगा–रांची–मुरी के बजाय टोरी–बरकाकाना–मुरी मार्ग से संचालित होगी। वहीं, 08611 सांतरागाछी–अजमेर एक्सप्रेस 30 मार्च को मुरी–रांची–लोहरदगा–टोरी के स्थान पर मुरी–बरकाकाना–टोरी मार्ग से चलेगी।
तीन जोड़ी होली स्पेशल ट्रेनें रद्द
चक्रधरपुर मंडल ने होली के अवसर पर चलाई जा रही तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जिससे यात्रियों को असुविधा हो सकती है। रद्द ट्रेनों में 08183 टाटा–बक्सर होली स्पेशल (24 व 31 मार्च), 08184 बक्सर–टाटा होली स्पेशल (25 मार्च व 1 अप्रैल), 08181 टाटा–कटिहार स्पेशल (30 मार्च) और 08182 कटिहार–टाटा स्पेशल (31 मार्च) शामिल हैं। इसके अलावा, 08109 सांतरागाछी–डिब्रूगढ़ और 08110 डिब्रूगढ़–सांतरागाछी के 24 और 31 मार्च के फेरे भी रद्द किए गए हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच अवश्य कर लें, क्योंकि रूट परिवर्तन और ट्रेन रद्द होने के कारण समय में बदलाव संभव है।
No Comment! Be the first one.