जमशेदपुर के बहरागोड़ा में 227 किलो वजनी बमों को सेना ने किया डिफ्यूज, टला बड़ा हादसा

News Saga Desk

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पानीपाड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी किनारे मिले दो शक्तिशाली बमों को भारतीय सेना की टीम ने बुधवार को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। पूरे ऑपरेशन के दौरान सेना के विशेषज्ञों ने सूझ-बूझ और सावधानी के साथ कार्रवाई करते हुए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

सूचना मिलते ही सेना की टीम मौके पर पहुंची और ऑपरेशन की कमान संभाली। सबसे पहले आसपास के लोगों को करीब एक किलोमीटर की दूरी पर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचाव किया जा सके।

227 किलो वजनी द्वितीय विश्व युद्धकालीन बम

बताया जा रहा है कि करीब 9 दिन पहले मिले इन जिंदा बमों का कुल वजन 227 किलो था। विशेषज्ञों के अनुसार, यह अमेरिकी मूल के द्वितीय विश्व युद्ध के समय के बम थे, जो पानीपाड़ा-नागुडसाई गांव के पास स्वर्णरेखा नदी घाट पर बालू खनन के दौरान मिले थे। यदि इनमें विस्फोट हो जाता, तो इसका प्रभाव लगभग एक किलोमीटर तक पड़ सकता था और बड़े नुकसान की आशंका थी।

नियंत्रित विस्फोट से किया गया निष्क्रिय

सेना के बम निरोधक दस्ते ने पूरी सावधानी के साथ दोनों बमों को निष्क्रिय किया। पहले बम को दोपहर 12:22 बजे और दूसरे को 1:22 बजे डेटोनेटर के जरिए नियंत्रित विस्फोट कर नष्ट किया गया। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

बम निष्क्रिय होने के बाद इलाके के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इससे पहले गांव में भय का माहौल था, लेकिन सफल ऑपरेशन के बाद लोगों के चेहरों पर सुकून दिखाई दिया।

सेना के प्रति जताया आभार

स्थानीय लोगों ने भारतीय सेना की तत्परता और दक्षता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

जांच में जुटी एजेंसियां

अब यह जांच का विषय है कि ये बम वहां तक कैसे पहुंचे। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं और आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

सतर्कता से टली बड़ी घटना

इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समय पर सूचना और त्वरित कार्रवाई से बड़े हादसों को टाला जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु की जानकारी तुरंत दें और उससे दूरी बनाए रखें।

Read More News

रांची में राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता शुरू, 24 जिलों के करीब 1000 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में खेलो झारखंड के तहत दो दिवसीय राज्य स्तरीय...

SIR-2026 नोटिस की सुनवाई में अलग-अलग कारणों के लिए अलग दस्तावेज जरूरी नहीं, 10 अक्टूबर को सभी बूथों पर मेगा हेल्पडेस्क

झारखंड में SIR-2026 की सुनवाई को लेकर CEO के. रवि कुमार ने निर्देश दिए। 10 अक्टूबर को सभी मतदान...

Read More