झारखंड में मौसम की आंख मिचौली आज फिर हो सकती है झमाझम बारिश, चल सकती हैं तूफानी हवाएं

News Saga Desk

पिछले कुछ दिनों से झारखंड में मौसम आंख मिचौली खेल रहा है। कभी तेज धूप के कारण गर्मी तो कभी बारिश के कारण मौसम खुशनुमा हो जा रहा है। राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर बारिश के बीच आंधी चली। शुक्रवार की देर रात राज्य के कुछ जिलों में तेज बारिश रिकॉर्ड की गई। संताल परगना के राजमहल में सबसे अधिक 64 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में रविवार यानी 29 मार्च तक बारिश के साथ तेज आंधी चलने के आसार हैं। इसके अलावा संताल और कोल्हान प्रमंडल के जिलों में ओलावृष्टि होने की आशंका व्यक्त की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान रांची, जामताड़ा, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, लातेहार, सरायकेला खरसावां, गुमला, गिरिडीह, गोड्डा समेत अन्य जिलों में तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की गई।

बारिश के कारण मौसम खुशनुमा

बारिश होने से राज्य के अधिकतम तापमान में कमी आयी है। रांची समेत अन्य जिलों के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। रांची का अधिकतम तापमान तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे की तुलना में राजधानी रांची का अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरा है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री की कमी आयी है। रांची के दोनों तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे चल रहे हैं। वहीं, राज्य में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर का 36.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि, यहां का न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पांच दिन मौसम रह सकता है खराब

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी और पूरे राज्य में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा संताल और कोल्हान प्रमंडल के जिलों में ओलावृष्टि भी होने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दिन बांग्लादेश और आसपास के इलाकों पर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब हिमालय के तराई क्षेत्र स्थिति पश्चिम बंगाल और आसपास पर केंद्रित है। वहीं, ओडिशा के ऊपर एक अन्य साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इससे झारखंड में अगले पांच दिनों तक आंधी-गरज के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी।

Read More News

रांची में राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता शुरू, 24 जिलों के करीब 1000 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में खेलो झारखंड के तहत दो दिवसीय राज्य स्तरीय...

SIR-2026 नोटिस की सुनवाई में अलग-अलग कारणों के लिए अलग दस्तावेज जरूरी नहीं, 10 अक्टूबर को सभी बूथों पर मेगा हेल्पडेस्क

झारखंड में SIR-2026 की सुनवाई को लेकर CEO के. रवि कुमार ने निर्देश दिए। 10 अक्टूबर को सभी मतदान...

Read More