News Saga Desk
हजारीबाग में 12 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या की घटना ने पूरे राज्य में शोक और आक्रोश का माहौल बना दिया है। इस घटना के बाद सियासत भी तेज हो गई है। झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने नई दिल्ली में प्रेसवार्ता कर 3 अप्रैल को पूरे राज्य में झारखंड बंद का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस कायराना घटना के खिलाफ पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
“राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं”
आदित्य साहू ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा, “बेटियां असुरक्षित हैं और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। यह घटना समाज को झकझोर देने वाली है और इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।”
2 अप्रैल को मशाल जुलूस, फिर 3 अप्रैल को बंद
भाजपा ने विरोध आंदोलन की रूपरेखा भी तय कर दी है। यदि दो दिनों के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 2 अप्रैल को जिला और प्रखंड मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके अगले दिन, 3 अप्रैल को पूरे झारखंड में बंद आयोजित किया जाएगा।
सरकार पर सख्त टिप्पणी
साहू ने राज्य सरकार और मंत्रियों की उदासीनता पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता डर और निराशा के माहौल में जी रही है। वित्त मंत्री के बयान पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ मुआवजा देकर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता।
हाईकोर्ट के संज्ञान पर जताया आभार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस मामले में हाईकोर्ट द्वारा संज्ञान लिए जाने पर आभार जताया और उम्मीद जताई कि कोर्ट की निगरानी में पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।
हजारीबाग में धरातल पर विरोध
इचाक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर विरोध जताया। बाजार में प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल देखने को मिला।
No Comment! Be the first one.