रांची के नामकुम में नशा तस्करी का भंडाफोड़: 566 किलो डोडा और अफीम के साथ एक युवक गिरफ्तार

News Saga Desk

रांची: नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डोडा और अफीम बरामद की है, इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से संगठित तरीके से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। आरोपी के खिलाफ नामकुम थाना कांड संख्या 81/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उस पर BNS और NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम

बता दें की, एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना थी कि ग्राम बुदरी में बड़े पैमाने पर अफीम और डोडा की तस्करी हो रही है। इसके बाद रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर की देखरेख में छापेमारी दल का गठन किया गया, जबकि अभियान का नेतृत्व डीएसपी अमर पांडेय ने किया।

घर से 31 बोरा डोडा बरामद

पुलिस टीम ने ग्राम बुदरी स्थित मनीष तिर्की के पक्के और कच्चे मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान अलग-अलग प्लास्टिक बोरों में भरा हुआ 31 बोरा डोडा बरामद किया गया।

बोलेरो वाहन से भी मिला मादक पदार्थ

छापेमारी के दौरान परिसर में खड़ी सफेद रंग की महिन्द्रा बोलेरो (JH05AS-1583) की तलाशी ली गई। वाहन से भी 4 बोरा डोडा बरामद किया गया। घर और वाहन से मिले डोडा का कुल वजन 566.5 किलोग्राम पाया गया।

अलमारी से अफीम, नकदी और उपकरण बरामद

घर के अंदर तलाशी के दौरान अलमारी से 700 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके अलावा डिजिटल तौल मशीन, 2 लाख 28 हजार रुपये नकद, बैंक पासबुक और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। बरामद सामान के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने सभी वस्तुओं को जब्त कर लिया।

मौके पर आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से 26 वर्षीय मनीष तिर्की को गिरफ्तार किया। वह ग्राम बुदरी का निवासी है।

पूछताछ में गिरोह का खुलासा

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि अधिक मुनाफे के लिए उसने डोडा और अफीम का अवैध कारोबार शुरू किया था। इसके लिए उसने एक संगठित गिरोह तैयार किया था, जिसमें रांची के अलावा खूंटी और हजारीबाग के लोग भी शामिल हैं। गिरोह स्थानीय स्तर पर मादक पदार्थ खरीदकर अन्य जिलों में सप्लाई करता था और लेन-देन नकद के साथ डिजिटल माध्यम से भी होता था।

कई वाहनों का होता था इस्तेमाल

आरोपी ने बताया कि गिरोह के पास कई चारपहिया वाहन हैं, जिनका इस्तेमाल मादक पदार्थों की ढुलाई के लिए किया जाता था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

जब्त सामान की कीमत लाखों में

पुलिस के अनुसार जब्त डोडा की अनुमानित कीमत करीब 84.97 लाख रुपये और अफीम की कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये आंकी गई है।

केस दर्ज, छापेमारी जारी

नामकुम थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस लगातार छापेमारी कर गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

Read More News

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More