धनबाद में अवैध कोयला खनन बना काल, मलबे में परिजनों को तलाश रहे लोग

News Saga Desk

धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में अवैध कोयला खनन एक बार फिर घातक साबित हुआ है। बाघमारा प्रखंड के सोनारडीह टंडाबारी बस्ती में मंगलवार शाम अचानक जमीन धंसने से मिट्टी के तीन घर पलभर में जमींदोज हो गए। इस हादसे में तीन लोग मलबे में दब गए, जिनकी मौत हो गई।

देर रात तक चला रेस्क्यू, दो बजे निकाले गए शव

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात करीब दो बजे मलबे से तीनों शव निकाले गए। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय सरिता देवी, 17 वर्षीय गीता कुमारी और 70 वर्षीय मोनू उरांव के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेजा गया है।

अवैध खनन से धंसी जमीन, कई घरों में दरार

स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयला खनन जारी था। इसी के कारण जमीन धंसने की घटना हुई, जिससे तीन घर पूरी तरह ढह गए। इसके अलावा आसपास के आधा दर्जन घरों में भी दरारें आ गई हैं, जिससे लोग दहशत में हैं।

ग्रामीणों का विरोध, सड़क जाम

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सोनारडीह ओपी का घेराव किया और एनएच-32 को जाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि प्रशासन को अवैध खनन की जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।

विधायक ने उठाए सवाल

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग की। उनका कहना था कि समय रहते कार्रवाई होती तो जानमाल का नुकसान रोका जा सकता था।

देर से शुरू हुआ राहत कार्य

यह क्षेत्र बीसीसीएल के गोविंदपुर एरिया के अंतर्गत आता है। हादसे के बाद करीब चार घंटे तक राहत कार्य शुरू नहीं हो सका। बाद में बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से शव निकाले जा सके।

दहशत में रात गुजार रहे लोग

घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। जिन घरों में दरारें पड़ी हैं, वहां के लोग रातभर अनहोनी की आशंका में जागते रहे। ग्रामीणों ने अवैध खनन पर पूर्ण रोक और सुरक्षित पुनर्वास की मांग की है।

बार-बार हादसे, फिर भी नहीं थमा अवैध खनन

धनबाद में अवैध खनन के कारण इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इसके बावजूद इस पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है, जिससे लोगों की जान लगातार खतरे में बनी हुई है।

Read More News

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More