News Saga Desk
हजारीबाग मामले पर अब सत्ता पक्ष विपक्ष यानि के बीजेपी पर हमलावर है।इसकी वजह है भीमराव जो घटना का मुख्य आरोपी माना जा रहा है। हजारीबाग के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में 24 मार्च को हुई 12 वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस जांच ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में सबसे मुखर होकर न्याय की मांग करने वाला भीमराव ही हत्या का मुख्य मास्टरमाइंड निकला है।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात पूरी तरह सुनियोजित थी। जांच के दौरान सामने आया कि मृत बच्ची की मां, एक ओझा (तांत्रिक) और मां के सहयोगी भीमराव ने मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया। तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने इस पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया है।
इस मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया, जब भीमराव के राजनीतिक संबंधों की चर्चा सामने आई। बताया जा रहा है कि उसका जुड़ाव भाजपा से रहा है। घटना के बाद जहां राज्यभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे थे, वहीं अब आरोपी के कथित राजनीतिक कनेक्शन ने सियासी हलचल तेज कर दी है।
सत्तारूढ़ दल झामुमो और कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर तीखे हमले शुरू कर दिए हैं। हालांकि, भीमराव की पार्टी में सक्रिय भूमिका और उसके आधिकारिक संबंधों को लेकर अब तक कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं हो पाई है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
No Comment! Be the first one.