News Saga Desk
रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अरविंद कुमार और हरिश उरांव के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, नकद रुपये, देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक महिंद्रा थार वाहन बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गुप्त सूचना पर देर रात छापेमारी
सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, 2 अप्रैल की रात करीब 2 बजे रांची एसएसपी को सूचना मिली थी कि धुर्वा के डहुटोली इलाके में एक किराये के मकान में ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देश पर हटिया डीएसपी पी.के. मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद रात करीब 2:20 बजे श्वेता कुजूर के किराये के मकान पर छापेमारी की गई, जहां दो युवक मौजूद मिले। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान अरविंद कुमार और हरिश उरांव के रूप में बताई।
2300 पुड़िया समेत ब्राउन शुगर स्टोन बरामद
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत की गई तलाशी में पुलिस को एक सफेद प्लास्टिक बैग में छोटे-छोटे कागज की पुड़ियों में ब्राउन शुगर मिली। कुल 2300 पुड़िया बरामद की गई, जिनका वजन प्लास्टिक सहित 217 ग्राम पाया गया। इसके अलावा काले प्लास्टिक में 110 ग्राम ब्राउन शुगर स्टोन और एक सफेद डिब्बे में 20 ग्राम ब्राउन शुगर स्टोन भी बरामद किया गया।
थार वाहन से भी मिला मादक पदार्थ
छापेमारी के दौरान घर के पास खड़ी काले रंग की महिंद्रा थार की तलाशी ली गई। वाहन से भी 500 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिनका कुल वजन करीब 50 ग्राम पाया गया।
4.51 लाख नकद, पिस्टल और अन्य सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 397 ग्राम ब्राउन शुगर, एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, 4,51,550 रुपये नकद, तीन डिजिटल तराजू, एक एटीएम कार्ड और एक तार कार जब्त किया है।
एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
सिटी एसपी ने बताया कि विधानसभा थाना में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C), 22(C), 29 और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)A, 26/35 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
No Comment! Be the first one.