News Saga Desk
धनबाद: केंदुआडीह थाना क्षेत्र के केंदुआ-झरिया मुख्य मार्ग पर कोयला तस्करों का दुस्साहस सामने आया है, कुमार मंगलम स्टेडियम के पास स्पेशल ब्रांच के सब-इंस्पेक्टर अनुज कुमार और उनकी पत्नी काजल कुमारी के साथ मारपीट की गई। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए।
रास्ता मांगने पर हुआ विवाद
सूत्रों के अनुसार, अनुज कुमार अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से झरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी हाइवा गाड़ियों से कोयला उतार रहे लोगों से उनका विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि उन्होंने केवल रास्ता देने की बात कही, लेकिन मामूली कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई।
दारोगा और पत्नी दोनों को पीटा गया
देखते ही देखते, कोयला तस्करों ने सब-इंस्पेक्टर अनुज कुमार पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी काजल कुमारी को भी नहीं बख्शा गया। हमले में अनुज कुमार की पीठ पर गंभीर चोट आई, जबकि उनकी पत्नी के पैर और शरीर पर भी चोट के निशान हैं।
मोबाइल छीनकर फेंका, स्थानीय लोगों ने बचाया
काजल कुमारी ने बताया कि वे इसी इलाके में रहती हैं और लोग उन्हें पहचानते भी हैं। उन्होंने केवल रास्ता मांगा था, लेकिन हमलावरों ने आक्रोशित होकर हमला किया। घटना का वीडियो बनाने पर उनका मोबाइल भी छीनकर फेंक दिया गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को हमलावरों से बचाया गया।
पुलिस पहुंची, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलने पर स्पेशल ब्रांच के डीएसपी संतोष कुमार मिश्रा, अनूप कुमार महतो सहित कई अधिकारी और केंदुआडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे।
लिखित शिकायत नहीं, जांच जारी
केंदुआडीह थाना के एएसआई राजू मुंडा ने बताया कि अभी तक किसी ने लिखित शिकायत नहीं दी है। केवल इंज्यूरी रिपोर्ट थाना में जमा कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
No Comment! Be the first one.