रांची में 5 साल से पुराने लंबित मामलों पर बड़ा अपडेट: SSP ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर दिया तेजी से निपटान का निर्देश

News Saga Desk

रांची: एसएसपी राकेश रंजन ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग यानि (वीसी) के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की, बैठक में रांची जिले में पिछले 5 वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित आपराधिक मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई, जिनके अभियुक्तों का न्यायालय में विचार चल रहा है। बैठक का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि लंबे समय से चल रहे मामलों में अभियुक्तों को समय पर कोर्ट में प्रस्तुत किया जा सके और मामलों का जल्द निष्पादन हो।

अभियुक्तों को समय पर कोर्ट में पेश करने पर जोर

एसएसपी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि जेल में बंद या जमानत पर बाहर अभियुक्तों को तय तारीख पर कोर्ट में पेश करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसका मकसद कोर्ट की कार्यवाही में किसी भी प्रकार की देरी को रोकना और मामलों को समय पर आगे बढ़ाना है।

गवाहों की गवाही और समन तामिला पर विशेष ध्यान

बैठक में उन गवाहों की भी समीक्षा की गई, जिनकी गवाही अभी तक कोर्ट में नहीं हो पाई है। कई मामलों में समन जारी होने के बावजूद गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हो पाई थी। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे समन का शीघ्र तामिला करें और गवाहों की कोर्ट में उपस्थिति सुनिश्चित करें।

समन्वय पोर्टल और I4C पोर्टल के प्रभावी उपयोग के निर्देश

बैठक में पुलिस विभाग के समन्वय पोर्टल को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि पोर्टल के जरिए केस की स्थिति, वारंट निष्पादन और कोर्ट से जुड़े कार्य नियमित रूप से अपडेट किए जाएँ।
साथ ही, I4C (Indian Cyber Crime Coordination Centre) पोर्टल के निर्देशों का पालन भी सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि साइबर अपराध से जुड़े मामलों में समय पर रिपोर्टिंग और कार्रवाई की जा सके।

लंबित वारंट, कुर्की और इश्तेहार पर तेजी

बैठक में जिले में लंबित वारंट, कुर्की और इश्तेहार की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन मामलों में तेजी लाई जाए और डिस्ट्रेस वारंट (जुर्माना वसूली/संपत्ति जब्ती) का निष्पादन विशेष प्राथमिकता से किया जाए।

नियमित समीक्षा और प्राथमिकता पर कार्य करने का निर्देश

एसएसपी राकेश रंजन ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें और नियमित समीक्षा करें, ताकि पुराने मामलों में अनावश्यक देरी रोकी जा सके।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

इस समीक्षा बैठक में रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर, सिटी एसपी पारस राणा, रांची जिले के सभी डीएसपी और सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।

Read More News

गढ़वा में देह व्यापार का बड़ा खुलासा: तीन होटलों पर छापेमारी, नाबालिगों समेत मैनेजर गिरफ्तार

गढ़वा: जिले में कथित देह व्यापार के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की...

Read More