रांची के नामकुम में ब्राउन शुगर तस्करी का बड़ा खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

News Saga Desk

राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की अवैध तस्करी का बड़ा खुलासा किया है, बता दें कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से ब्राउन शुगर, नकद राशि, मोबाइल फोन और वाहन बरामद किए गए। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि एसएसपी राकेश रंजन को बीते सात अप्रैल की रात सूचना मिली कि नामकुम के हाईटेंशन मैदान के सामने पॉवरग्रीड के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व सीनियर डीएसपी (मुख्यालय) प्रथम अमर कुमार पांडेय कर रहे थे।

मौके पर घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची, तो वहां एक ब्लू रंग की आई-10 कार, एक स्कूटी और एक बाइक खड़ी मिली। कार में बैठे तीन युवक पुलिस को देख भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान रमीज राज, मो. अब्दुल और मो. जफीर उर्फ राजा/ऋषि के रूप में हुई।

तलाशी में बरामद ब्राउन शुगर और नकद

तीनों की तलाशी लेने पर उनके पास से 6.4 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और 4,000 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार यह रकम नशे के कारोबार से जुड़ी हुई है। इसके अलावा मौके से आई-10 कार, स्कूटी और पल्सर बाइक भी जब्त की गई।

आरोपियों ने संगठित गिरोह चलाने की बात कबूली

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अधिक मुनाफा कमाने के लिए संगठित तरीके से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते थे। पुलिस को संदेह है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य भी सक्रिय हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में से मो. अब्दुल और मो. जफीर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इनके खिलाफ पहले से लूट और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं। इस मामले में नामकुम थाना में कांड संख्या 91/26 दर्ज कर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है।

रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और सभी जुड़े अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Read More News

रांची में सिदो-कान्हू जयंती पर CM हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, झारखंड को बताया वीरों की भूमि

रांची: राजधानी रांची के सिदो-कान्हू उद्यान, मोरहाबादी में शनिवार को यानी आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन...

झारखंड हाईकोर्ट ने कोयला निर्यात विवाद में राज्य सरकार से मांगा जवाब, सभी प्रतिवादियों को नोटिस

रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने अंतरराष्ट्रीय कोयला निर्यात से जुड़े करोड़ों रुपये के विवाद पर सुनवाई...

रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल से की शिष्टाचार मुलाकात, विकास कार्यों पर चर्चा

रांची: लोक भवन में शुक्रवार को यानी कल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से...

Read More