News Saga Desk
सुपौल: जिले के प्रतापगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद एक महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया, बता दें कि परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है और मामले की जांच की मांग की है।
मृतका की पहचान परसा बिरवन वार्ड संख्या-14 निवासी 32 वर्षीय ममता कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उन्हें प्रतापगंज सीएचसी लेकर पहुंचे थे।
इलाज में देरी का आरोप, बिगड़ती गई हालत
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण ममता कुमारी की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। इसी दौरान उन्होंने एक शिशु को जन्म दिया, जिसकी कुछ ही देर बाद मौत हो गई। नवजात की मृत्यु के बाद प्रसूता की हालत और गंभीर हो गई।
रेफर के बाद सदर अस्पताल में हुई मौत
परिजनों का कहना है कि गंभीर स्थिति के बावजूद डॉक्टरों ने समय पर समुचित उपचार नहीं किया और बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।
हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर का पक्ष-संक्रमण से बिगड़ी हालत
इस मामले में प्रतापगंज सीएचसी के चिकित्सक डॉ. साजिद ने बताया कि महिला ने मृत शिशु को जन्म दिया था, जिसके बाद उन्हें संक्रमण हो गया और उनकी स्थिति बिगड़ गई। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्चस्तरीय इलाज के लिए रेफर किया गया था।
परिजनों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद परिजनों में गहरा शोक और आक्रोश है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
No Comment! Be the first one.