News Saga Desk
रांची रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक यात्री की छोटी सी लापरवाही उसकी जान पर भारी पड़ सकती थी, लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों की सतर्कता और फुर्ती से उसकी जिंदगी बच गई।
जानकारी के अनुसार, धनबाद जिले के टुंडी निवासी करीब 50 वर्षीय ओम प्रकाश अग्रवाल भुवनेश्वर से धनबाद की यात्रा कर रहे थे। रांची स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान वे पानी पीने के लिए नीचे उतरे। इसी बीच ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस चल पड़ी। जल्दबाजी में उन्होंने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गैप में गिर गए तथा ट्रेन के साथ घसीटने लगे।
आरपीएफ जवानों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
घटना के दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद आरपीएफ के एएसआई विजय कुमार भारती और हेड कांस्टेबल नितेश कुमार की नजर तुरंत इस पर पड़ी। दोनों जवान बिना समय गंवाए दौड़े और पूरी ताकत से यात्री को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
उनकी त्वरित कार्रवाई से कुछ ही सेकंड में बड़ा हादसा टल गया। यदि थोड़ी भी देरी होती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
यात्री ने बताई पूरी घटना
बचने के बाद ओम प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि वे केवल पानी पीने के लिए ट्रेन से उतरे थे, लेकिन ट्रेन चलने लगी तो घबराकर चढ़ने की कोशिश की। इसी जल्दबाजी में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गिर पड़े।
‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ फिर साबित हुआ प्रभावी
गौरतलब है कि रांची रेल मंडल में कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में आरपीएफ द्वारा “ऑपरेशन जीवन रक्षा” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जवान लगातार सतर्क रहते हैं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
No Comment! Be the first one.