News Saga Desk
रांची: राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित बिजली सब स्टेशन में गुरुवार सुबह एक संदिग्ध लिफाफा मिलने से हड़कंप मच गया। लिफाफे के साथ 315 बोर की गोली धागे से बंधी हुई थी। ड्यूटी पर मौजूद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लिफाफा तथा कारतूस को जब्त कर जांच शुरू कर दी।
लिफाफे पर उग्रवादी संगठन PLFI का नाम
जांच में सामने आया कि लिफाफे पर काले अक्षरों में उग्रवादी संगठन PLFI लिखा था। इसके अलावा लाल रंग से “लाल सलाम” और “जरूरी सूचना” भी अंकित था। लिफाफा बारिश के कारण भींग गया था और बाद में सूखने पर जब पुलिस ने इसे खोला, तो उसमें कोई धमकी भरा पत्र नहीं था। केवल एक व्यक्ति का नाम लिखा हुआ मिला।
संदिग्ध व्यक्ति पुलिस रडार पर
लिखे गए नाम के आधार पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को पूछताछ के लिए बुलाया। वह पास के इलाके का निवासी है और उसने खुद को मामले से अलग बताया। हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने कहा कि शुरुआती जांच में मामला किसी को फंसाने की कोशिश जैसा लग रहा है। लिफाफे में कोई सीधी धमकी नहीं थी। पुलिस यह भी देख रही है कि कहीं मामला बिजली बिल या किसी निजी विवाद से जुड़ा तो नहीं है।
सुरक्षा बढ़ाई, आसपास के लोगों से पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने सब स्टेशन परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है कि आखिर यह लिफाफा वहां किसने और क्यों रखा।
No Comment! Be the first one.