बोकारो कोषागार घोटाला: 3 करोड़ से बढ़कर 6 करोड़ के पार, जांच में रोज नए खुलासे

News Saga Desk

बोकारो: जिले के चर्चित कोषागार घोटाले में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं, शुरुआत में करीब 3 करोड़ 15 लाख रुपये का बताया गया यह घोटाला अब बढ़कर 6 करोड़ रुपये से अधिक होने के संकेत दे रहा है। बीच में यह आंकड़ा 4 करोड़ 29 लाख 71 हजार तक पहुंचा था, लेकिन जारी जांच में रकम और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

उपायुक्त अजय नाथ झा के अनुसार, यह मामला वर्ष 2016 से जांच के दायरे में है। जांच में सामने आया है कि कोषागार से पुलिस विभाग के एक लेखपाल के माध्यम से अवैध निकासी की गई। शुरुआती जांच में राम नरेश सिंह, उपेंद्र सिंह और एस कुमार समेत कई नाम सामने आए हैं, जिनके नाम पर कथित तौर पर फर्जी तरीके से राशि निकाली गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है, जो पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है। इसके अलावा राज्य स्तर पर भी अलग से जांच जारी है। अधिकारियों का मानना है कि आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने आम जनता से धैर्य बनाए रखने और जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की है।

घोटाले की राशि में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। अब सभी की नजर जांच के अंतिम निष्कर्ष पर टिकी है, जिससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

Read More News

नागपुर में झारखंड पुलिस का शानदार प्रदर्शन, क्राइम सीन फोटोग्राफी में जीते सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल

नागपुर में आयोजित 69वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026 में झारखंड पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन...

Read More