News Saga Desk
पटना में आयोजित एनडीए की अहम बैठक में सम्राट चौधरी को बिहार में बीजेपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इसके साथ ही उनके राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सम्राट चौधरी को दी बधाई, लिखा..’नई जवाबदेही के लिए सम्राट चौधरी को बहुत-बहुत बधाई और ढ़ेरों शुभकामनाएं’ वहीं, नीतीश कुमार ने मंगलवार को अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
आज शाम 4 बजे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए की बैठक हुई, जिसमें नए नेता का औपचारिक ऐलान किया गया। इससे पहले बीजेपी विधायक दल की बैठक 3 बजे पार्टी कार्यालय में हुई, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह कल होने की संभावना है।
करीब दो दशकों तक बिहार की सत्ता संभालने वाले नीतीश कुमार अब सक्रिय राजनीति में नई भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने 11 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली थी। इससे पहले 30 मार्च 2026 को उन्होंने बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
बताया जा रहा है कि 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में नई सरकार का गठन जल्द होगा, सूत्रों के अनुसार, मौजूदा मंत्रिमंडल में ज्यादा बदलाव नहीं होगा और अधिकांश मंत्रियों को बरकरार रखा जा सकता है।
जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि भले ही नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे, लेकिन वे बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि 2025-30 का जनादेश नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने हासिल किया था और नई सरकार भी उनकी नीतियों पर काम जारी रखेगी। ‘उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार का फोकस बिहार पर ही रहेगा और वे केवल संसद सत्र के दौरान ही दिल्ली जाएंगे।’
No Comment! Be the first one.