News Saga Desk
रांची। झारखंड में गर्मी ने समय से पहले ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी रांची में अप्रैल के शुरुआती दिनों में ही तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों को अभी से झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी को दर्शाता है। मौसम के इस बदले मिजाज ने आम जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 17 और 18 अप्रैल को रांची समेत राज्य के 13 जिलों में लू चलने की संभावना है। राजधानी में इन दिनों तेज धूप और गर्म हवाओं का असर साफ तौर पर महसूस किया जाएगा।
हालांकि 16 और 17 अप्रैल को राज्य के उत्तर-पूर्वी इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन रांची सहित अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
वहीं, मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस साल का अब तक का सबसे अधिक है। इसके अलावा जमशेदपुर में 40.2 डिग्री और बोकारो में 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राज्य के सभी जिलों में तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। तेज धूप और लू से बचने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, सिर ढककर रखने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।
No Comment! Be the first one.