News Saga Desk
चतरा | झारखंड के चतरा जिले के सोकी गांव में एक किसान की मेहनत पर अचानक आग ने पानी फेर दिया। खेत-खलिहान में मड़ाई के लिए रखे गए करीब 500 से अधिक गेहूं के बोझे जलकर राख हो गए। इस घटना में किसान विजय कुमार मेहता को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिसके बाद उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
किसान विजय कुमार मेहता ने बताया कि गेहूं की कटाई के बाद फसल को थ्रेसर से मड़ाई के लिए खलिहान में रखा गया था। इसी दौरान अचानक आग लग गई और देखते ही देखते सैकड़ों बोझा गेहूं जलकर राख हो गया। इस हादसे में उन्हें हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि अधिकतर फसल को बचाया नहीं जा सका।
घटना के बाद पीड़ित किसान ने अंचल कार्यालय और संबंधित थाना में आवेदन देकर मुआवजे की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिससे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।
No Comment! Be the first one.