News Saga Desk
झारखंड | गढ़वा जिले के महुलिया मोड़ पर गुरुवार शाम पुलिस पर हुए पथराव मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 लोगों को नामजद और 400 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में अब तक 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटनास्थल से 24 बाइक भी बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, महुलिया गांव में गुरुवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां उन्हें लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।
इसी दौरान अचानक भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें 25 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी घायल हो गए। सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने पहले हल्का बल प्रयोग किया, लेकिन भीड़ के और उग्र होने पर लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बावजूद जब हालात काबू में नहीं आए तो पुलिस ने हवाई फायरिंग की, जिससे इलाके में भगदड़ मच गई और लोग मौके से भागने लगे। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।
घटना के बाद एसपी अमन कुमार खुद मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर हालात को शांत कराया। पुलिस ने संकेत दिया है कि मामले में आगे भी गिरफ्तारी जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.