News Saga Desk
झारखंड में अप्रैल महीने में ही गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। इसी महीने में कई जिलों में पारा 40 डिग्री के पार चला गया है। राजधानी के बात करें तो रांची का पारा 40 डिग्री से पार कर गया है, जबकि हर बार की तरह तापमान के मामले में इस साल भी मेदिनीनगर सबसे आगे है। यहां का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस और बोकारो का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झारखंड में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में रिकॉर्ड किया गया।
झारखंड में दोहरा मौसम
जहां एक ओर झारखंड के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं कुछ इलाकों में हल्की बारिश से राहत मिली है। मौसम खुशनुमा बना हुआ है। सिमडेगा में सोमवार को 8 मिमी बारिश दर्ज की गई. खूंटी में भी छिटपुट बारिश हुई। बारिश के कारण यहां के लोगों को थोड़ी राहत मिली।
21 और 22 चलेगी लू
मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 अप्रैल को राजधानी रांची बोकारो, धनबाद सहित कई इलाकों में लू चलेगी। स्थिति को देखते हुए इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
तीन दिनों तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं
अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। 23-24 को तापमान में दो से तीन डिग्री की और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 अप्रैल से राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है।
गर्मी से बदला स्कूल का टाइम
भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने आदेश जारी किया है कि आठवीं तक की कक्षाएं दिन के 11.30 बजे तक ही और नौवीं से 12वीं तक की क्लास 12 बजे तक ही संचालित की जाएं. इस आदेश के बाद रांची जिला प्रशासन ने मंगलवार से सभी स्कूलों का समय बदलने का आदेश जारी कर दिया है.
No Comment! Be the first one.